रीठी में रेल रोको आंदोलन की तैयारी पूरी, अब 22 जून का इंतजार

कटनी/रीठी (कुशल)। रीठी रेलवे स्टेशन पर कोटा-जबलपुर पैसेंजर तथा दयोदय एक्सप्रेस के स्टॉपेज की लंबे समय से की जा रही मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। रेल संघर्ष समिति ने 22 जून को प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन की तैयारियां पूरी होने का दावा किया है। समिति के सदस्यों का कहना है कि रीठी रेलवे स्टेशन से जबलपुर जाने के लिए कोई भी सीधी रेल सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके कारण मरीजों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मजदूर वर्ग के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर रेल संघर्ष समिति द्वारा पूर्व में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे रेल संघर्ष समिति के सदस्य मुकेश कंदेले और सतेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए 22 जून को रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी इसमें शामिल होंगे। समिति ने प्रशासन और रेलवे विभाग से एक बार फिर मांग की है कि रीठी रेलवे स्टेशन पर कोटा-जबलपुर पैसेंजर एवं दयोदय एक्सप्रेस का स्टॉपेज सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिल सके। वहीं, आंदोलन की घोषणा के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और अब सभी की निगाहें 22 जून पर टिकी हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *