दाधिकांदो महोत्सव शोभायात्रा की तैयारियां तेज, एडिशनल एसपी की अगवाई में पुलिस अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
कटनी। कल 6 सितंबर को आयोजित होने वाली दाधिकांदोत्सव शोभायात्रा को लेकर कटनी पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने जुलूस मार्ग का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, निरीक्षक रीतेश शर्मा, निरीक्षक सुरेन्द्र शर्मा सहित पुलिस बल ने शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग का पैदल भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों, यातायात व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें, पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल अधिकृत सूचनाओं पर ही विश्वास करें।