अमीरगंज में मारपीट के आरोपियों को खोज रही थी पुलिस हाथ लगा शराब का जखीरा, माधवनगर पुलिस ने 138 पाव अवैध शराब की जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
कटनी। माधवनगर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 138 पाव देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ मौजूद किशोर बालक को भी पुलिस ने कार्रवाई में लिया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 14,460 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात अमीरगंज में मारपीट की घटना के बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम सघन अभियान चला रही थी। इसी दौरान अमीरगंज तालाब के पास एक युवक संदिग्ध हालत में अपने साथ एक किशोर बालक के साथ दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर मोहित बर्मन पिता छुन्नू बर्मन, उम्र 25 वर्ष, निवासी अमीरगंज को पकड़ा। उसके कब्जे और किशोर बालक के संयुक्त कब्जे से 105 पाव देशी प्लेन शराब और 33 पाव लाल मसाला शराब, कुल 138 पाव बरामद की गई।
मजदूरी के बहाने शराब बेचने का आरोप
पुलिस की पूछताछ में आरोपी और किशोर बालक ने कथित तौर पर बताया कि फरार आरोपी सुशील यादव ने उन्हें शराब बेचने के लिए दी थी। पुलिस ने मामले में धारा 34(1) आबकारी एक्ट एवं धारा 49 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब फरार आरोपी सुशील यादव की तलाश कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) कटनी शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी माधवनगर निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राहुल सिंह तथा आरक्षक लोकेन्द्र, मणि सिंह, नवीन शुक्ला, ओमकार सिंह और नंदन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।