रात भर रहा पुलिस का पहरा, कॉम्बिंग गश्त में 178 आरोपी पकड़े, 29 स्थाई और 84 गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार, गुंडा और निगरानी बदमाशों के घर पहुंचकर की गई जांच

कटनी। अपराधियों पर शिकंजा कसने और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए कटनी पुलिस ने विगत रात्रि व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और दबिश की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 178 आरोपियों को पकड़ा। इनमें न्यायालय के विभिन्न प्रकरणों में जारी 29 स्थाई वारंटी और 84 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पुलिस ने अवैध शराब, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। साथ ही गुंडा सूचीबद्ध बदमाशों, निगरानी बदमाशों और जिला बदर आरोपियों की गतिविधियों की जांच की गई।
वारंटियों की धरपकड़, बदमाशों की चेकिंग
कॉम्बिंग गश्त के दौरान न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामीली पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने 29 स्थाई वारंटियों और 84 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त 27 जमानती वारंट तामील किए गए तथा 38 समंस की तामीली की गई। अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस टीमों ने उनके घरों तक पहुंचकर जांच की। इस दौरान 50 गुंडा सूचीबद्ध बदमाशों और 46 निगरानी बदमाशों को चेक किया गया। वहीं, जिला बदर किए गए तीन बदमाशों की भी जांच की गई।
अवैध शराब और नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
अवैध शराब के परिवहन, विक्रय और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने 20 प्रकरण दर्ज कर 20 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 28 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। वाहन चालकों की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर का भी उपयोग किया गया। इसके अलावा जुआ-सट्टा एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि अवैध हथियार मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत पांच आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं, धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत 55 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। रात्रि में आवागमन करने वाले 25 मुसाफिरों की जांच कर उनके विवरण रजिस्टर में दर्ज किए गए। पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, चौराहों, होटल, ढाबों और धर्मशालाओं में भी सघन चेकिंग की।
अपराधियों पर निगरानी रखने अभियान जारी
कटनी पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य फरार एवं वांछित आरोपियों की धरपकड़, वारंटों की तामीली, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी एवं चेकिंग की कार्रवाई जारी रहेगी।