तीन थानों की पुलिस ने मिलकर पकड़े रेत से भरे तीन ट्रैक्टर, रेत का अवैध कारोबार निरंतर जारी

कटनी। जिले में अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना बरही पुलिस ने थाना कैमोर एवं थाना विजयराघवगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टर-ट्रालियों को जप्त किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया तथा एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को थाना बरही पुलिस इलाका गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चपना के नदी घाट क्षेत्र से अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना बरही, कैमोर एवं विजयराघवगढ़ पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान तीन ट्रैक्टर-ट्रालियां रेत से भरी हुई मिलीं, जिनमें दो सोनालिका कंपनी के नीले रंग के ट्रैक्टर एवं एक महिंद्रा कंपनी का लाल रंग का ट्रैक्टर शामिल था। तीनों वाहन अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए, जिन्हें पुलिस ने गवाहों के समक्ष जप्त कर थाना बरही परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, उप निरीक्षक दिनेश सिंह बघेल, उप निरीक्षक देवानंद शर्मा, प्रधान आरक्षक अतुल तिवारी, आरक्षक विवेक श्रीवास्तव, विवेक यादव एवं जगत सिंह की विशेष भूमिका रही। थाना बरही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *