विधायक संजय पाठक की फर्म से डेढ़ करोड़ की साइबर ठगी में पुलिस को मिली सफलता, 4 आरोपी करेली से गिरफ्तार, 28 लाख रुपये किए गए फ्रीज
कटनी। विधायक संजय पाठक की फर्म से करीब 1 करोड़ 49 लाख 60 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में रंगनाथनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली से चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। शुक्रवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को एक दिन की रिमांड मिली है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को हुई साइबर ठगी की राशि अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 4 लाख 20 हजार रुपये करेली निवासी अनुज कुर्मी के खाते में भेजे गए। इसके बाद अनुज ने यह राशि आर्यन, यशवंत और एक अन्य युवक के खातों में स्थानांतरित कर दी। पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन और ट्रांजैक्शन की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और करेली में दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने अब तक 28 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज करा दिए हैं। मामले में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही गिरोह के अन्य मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। मामले की जांच जारी है।