बरही छात्रावास की दो छात्राओं के कथित अपहरण से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

कटनी। जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खितौली स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस छात्रावास की दो नाबालिग छात्राओं के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं कक्षा सातवीं की हैं। छात्राओं का आरोप है कि दो नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर अपने साथ ले गए। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्राओं के अनुसार, बुधवार को वे रोज की तरह स्कूल गई थीं। दोपहर के भोजन अवकाश के दौरान वे एक किराना दुकान पर पहुंचीं, जहां से कथित तौर पर दोनों युवकों ने उनका अपहरण कर लिया। छात्राओं ने बताया कि जब उन्हें होश आया तो वे बरही के मेला ग्राउंड में थीं। इसके बाद वे किसी तरह वहां से निकलकर बरही-विजयराघवगढ़ मार्ग पर पहुंचीं। पीड़ित छात्राओं ने बताया कि रास्ते में उन्हें एक परिचित ऑटो चालक मिला, जिसे उन्होंने पूरी घटना बताई। इसके बाद ऑटो चालक उन्हें ग्राम देवरा लेकर पहुंचा, जहां एक छात्रा के रिश्तेदार और ग्राम सरपंच के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों छात्राओं को बरही थाना ले आई।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं के परिजन भी थाने पहुंच गए। छात्राओं का यह भी आरोप है कि घटना से एक दिन पहले दो नकाबपोश युवकों ने उन्हें धमकी दी थी। उन्होंने इसकी जानकारी छात्रावास में ट्यूशन पढ़ाने वाली शिक्षिका को दी थी और परिजनों को सूचित करने का आग्रह किया था। इधर, बरही थाना प्रभारी ने प्रारंभिक जांच में इसे छात्राओं के छात्रावास से भागने की साजिश होने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *