पुलिस ने की रात्रिकालीन कांबिंग गश्त, 115 वारंटी गिरफ्तार, जिले भर में हुई बदमाशों की धरपकड़

पुलिस ने की रात्रिकालीन कांबिंग गश्त, 115 वारंटी गिरफ्तार, जिले भर में हुई बदमाशों की धरपकड़

कटनी। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा 9 और 10 मई की दरम्यानी रात व्यापक रात्रिकालीन कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में फरार, आदतन, वांछित एवं संदिग्ध अपराधियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।
अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में संचालित हुआ, जिसमें एसडीओपी विजयराघवगढ़ धीरेन्द्र धार्वे, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा सहित जिले के 15 थाना प्रभारी और 150 से अधिक पुलिस बल ने भाग लिया। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिलेभर में 115 स्थाई, गिरफ्तारी एवं जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 88 से अधिक निगरानी बदमाशों और सूचीबद्ध गुंडों की सघन चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई तथा आवश्यकतानुसार सख्त चेतावनी दी गई। अभियान में विभिन्न न्यायालयों से जारी 58 गिरफ्तारी वारंट और 30 स्थाई वारंट तामील किए गए। इसके अलावा 46 गुंडों और 42 निगरानी बदमाशों के घरों पर दबिश देकर सत्यापन किया गया। तीन जिला बदर अपराधियों की भी विशेष जांच की गई। कटनी पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बैंक एटीएम और वित्तीय संस्थानों की रात्रि में सघन चेकिंग की। कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन, मुड़वारा स्टेशन और सलैया स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। वहीं बाहर से आए 36 मुसाफिरों का सत्यापन कर मुसाफिर रजिस्टर में इंद्राज किया गया। अभियान के दौरान अवैध शराब के विरुद्ध 14 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि जुआ एक्ट के तहत एक मामला पंजीबद्ध हुआ। वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले सात चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई तथा अन्य धाराओं में 85 चालान बनाए गए।
इसके अलावा बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत शांति भंग की आशंका पर कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। पुलिस ने आदतन अपराधियों के डोजियर भी अपडेट किए और उन्हें कड़ी हिदायत दी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर सख्त नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कांबिंग गश्त लगातार जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post