मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, नगर पुलिस अधीक्षक ने संभाली कमान, पुलिस बल को किया ब्रीफ

कटनी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कटनी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में बुधवार को नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने पुलिस बल की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ने 24 एवं 25 जून को आयोजित होने वाले अलीगोल, ताजिया, अखाड़ा एवं सवारी जुलूसों के निर्धारित मार्ग, ड्यूटी पॉइंट और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी। उन्होंने सभी को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
सीएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर समय पर उपस्थित रहें तथा जुलूस मार्गों पर लगातार निगरानी बनाए रखें। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, आपसी समन्वय बनाए रखने, आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *