7 साल से फरार एनडीपीएस एक्ट का स्थाई वारंटी गिरफ्तार, राज्य स्तरीय अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को मिली सफलता
कटनी। जिले में संचालित राज्य स्तरीय 15 दिवसीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के करीब सात वर्ष पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शानू उर्फ रोहित निषाद (28 वर्ष), निवासी खिरहनी फाटक, वेंकट वार्ड, थाना कोतवाली, जिला कटनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट कटनी की अदालत से प्रकरण क्रमांक 23/19 में स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वारंट जारी होने के बाद से आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार आरोपियों और स्थाई वारंटियों की तलाश कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तारी
पुलिस को 5 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार स्थाई वारंटी शानू उर्फ रोहित निषाद संतनगर, कटनी के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी तथा आरक्षक उपेन्द्र सिंह, अमित सिंह, मंसूर हुसैन, दीपक चक्रवर्ती, कोमल सा और बृजकिशोर विश्वकर्मा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।