07 साल से फरार स्थायी वारंटी बड़वारा पुलिस के हत्थे चढ़ा, न्यायालय में किया गया पेश
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ अभियान के तहत बड़वारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 7 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बड़वारा उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर फरार वारंटियों की तलाश की जा रही थी। लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय कर क्षेत्र में सघन तलाश अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान माननीय न्यायालय के प्रकरण क्रमांक 148/18 तथा थाना बड़वारा के अपराध क्रमांक 364/18, धारा 457 एवं 380 भादवि के स्थायी वारंटी संतोष उर्फ मोटा चौधरी पिता मवासी चौधरी, निवासी ग्राम बड़वारा, थाना बड़वारा के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार वारंटी को शुक्रवार, 29 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय कटनी में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक पवनराज तथा आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी की विशेष भूमिका रही।