कुठला थाने में नवरात्रि पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, गणमान्य नागरिक हुए शामिल, नवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील

कटनी। आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को थाना कुठला में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक थाना प्रभारी कुठला अखलेश दाहिया की उपस्थिति में संपन्न हुई।
यह बैठक पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के लगभग 80 से 100 गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान आगामी नवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने की अपील की गई। उपस्थित नागरिकों एवं दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों को पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर दिया जोर
पुलिस द्वारा दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना एवं पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा अग्नि सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। धार्मिक आयोजनों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं आवश्यक अनुमतियों के अनुसार करने की बात कही गई। इसके साथ ही जुलूस, गरबा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
बैठक में नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक संदेश प्रसारित नहीं करने की अपील की गई। किसी भी विवादास्पद स्थिति, असामाजिक गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया। अंत में पुलिस एवं प्रशासन ने सभी नागरिकों से शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा नवरात्रि पर्व को शांति, सुरक्षा एवं आपसी सद्भाव के साथ संपन्न कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।