पीएम किसान शिविर में अनुपस्थित रहने पर पटवारी रजनीश गुप्ता निलंबित, बहोरीबंद एसडीएम श्री मिश्रा ने की सख्त कार्यवाही

कटनी। जिले की स्लीमनाबाद तहसील अंतर्गत ग्राम भीतरीगढ़ में पीएम किसान एवं ई-केवाईसी योजना के विशेष शिविर में अनुपस्थित रहने और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर पटवारी रजनीश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बहोरीबंद प्रदीप मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, तहसीलदार स्लीमनाबाद ने 6 जून को ग्राम भीतरीगढ़ का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पीएम किसान एवं ई-केवाईसी से संबंधित कोई शिविर आयोजित नहीं किया गया और न ही पटवारी रजनीश गुप्ता उपस्थित हुए। ग्रामीणों एवं ग्राम कोटवार ने यह भी बताया कि संबंधित पटवारी गांव में कभी नियमित रूप से उपस्थित नहीं होते हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए बहोरीबंद एसडीएम श्री मिश्रा ने कहा कि कलेक्टर के निर्देश पर शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के लाभ से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के लिए हल्कावार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित पटवारी द्वारा बिना अनुमति एवं सूचना के अनुपस्थित रहना शासकीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना गया है। इस कृत्य को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 2 एवं 3 का उल्लंघन मानते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बहोरीबंद ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत पटवारी रजनीश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय स्लीमनाबाद निर्धारित किया गया है। साथ ही नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *