प्रधानमंत्री आवास का फॉर्म भरने के लिए पैसों की मांग करने वाला पंचायत सचिव निलंबित, कलेक्टर ने बरही में लगाई चौपाल, दिए निर्देश, सुनीं 76 पीड़ितों की समस्याएं

Oplus_131072

कटनी। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने बरही तहसील प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में यहां दूरदराज से पहुंचे लोगों के 76 आवेदनों पर सुनवाई की और निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यहां जनसुनवाई में ग्राम पंचायत भदौरा के पोषक ग्राम सलहना के ग्रामीणों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का फॉर्म भरने के नाम पर रूपयों की मांग करने वाले ग्राम पंचायत भदौरा नंबर 2 के सचिव को तत्काल  प्रभाव से निलंबित कर दिया।

जनसुनवाई में जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत और एसडीएम महेश मंडलोई सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें।

कलेक्टर श्री यादव ने यहां पहुंचे हर आवेदक की समस्या को अपने समक्ष बैठाकरर बड़े धैर्य से सुना और उनको समस्याओं के निराकरण के प्रति आश्वस्त किया। कलेक्टर ने आवेदकों की भूमि से संबंधित मामलों में तहसीलदार को स्थल निरीक्षण करने के निर्देश भी दिये।

ग्राम पंचायत भदौरा सचिव निलंबित

बरही में आयोजित  जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत भदौरा नं. 2 के पोषक ग्राम सलहना जनपद पंचायत बड़वारा के ग्राम वासियों द्वारा बताया गया कि  ग्राम पंचायत भदौरा नं.2 के सचिव पुष्पेन्द्र सिंह, द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फार्म भरने के नाम पर एक-एक हजार रुपये लिये जा रहे हैं। ग्रामीणों से प्राप्त  शिकायत की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए  सचिव पुष्पेन्द्र सिंह और ग्राम रोजगार सहायक रामलाल दुबे, को दूरभाष पर सूचना भेज कर समक्ष में पक्ष प्रस्तुत करने हेतु बुलाया गया। किन्तु श्री दुबे जीआरएस तो उपस्थित हो गये  लेकिन सचिव पुष्पेन्द्र सिंह समक्ष में उपस्थित नहीं हुये, अनुपस्थिति की दशा में पुष्पेन्द्र सिंह के कृत्य को शासकीय कार्य के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता, पदीय दायित्वों के विपरीत, वरिष्ठ अधिकारियों की आदेशों की अवहेलना के साथ-साथ मध्यप्रदेश पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम तहत कदाचरण की श्रेणी में मानते हुए पुष्पेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में श्री सिंह, का मुख्यालय जनपद पंचायत बड़वारा नियत किया गया हैं। संबंधित को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

दिव्यांग को मिलेगी मोटराइज्ड ट्राई साइकिल

बरही में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे अस्थिबाधित दिव्यांग ग्राम करौंदीकला निवासी शिवप्रसाद पांडेय और नगर पंचायत बरही के वार्ड नंबर दो हड़तला टोला निवासी अशोक कुमार पटेल ने भी कलेक्टर श्री यादव से आने- जाने में सुविधा की दृष्टि से मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दिलवाने का आग्रह किया। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने उपसंचालक सामाजिक न्याय नयन सिंह को निर्देशित किया कि दोनों दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल दिलवायें।

बिजली मीटर की शिकायत

जनसुनवाई में ग्राम खिरहनी निवासी कुंजबिहारी रजक ने बताया कि पिछले 10 माह से उनका बिजली मीटर खराब है। उन्होने  सहायक अभियंता कैमोर को इस बावत् आवेदन भी प्रस्तुत किया था। बावजूद इसके बिजली विभाग द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई और लगातार इनके द्वारा बढ़ा-चढ़ा कर एवरेज बिल दिया जा रहा है। इस आवेदन पर कलेक्टर  ने अधीक्षण यंत्री एमपीईबी श्रीराम पाण्डेय को समुचित कार्यवाही के निर्देश देते हुए कहा कि वे स्वयं इस मामले की टीएल में समीक्षा करेंगें। इसी प्रकार ग्राम हदरहटा निवासी गोमती बाई कोल ने बताया कि उनके पति भगवंता कोल की 21 दिसम्बर 2024 को खेत में पानी लगाते समय बिजली के करंट से मृत्यु हो गई। लेकिन बिजली विभाग द्वारा मृत्यु पर सहायता राशि नहीं प्रदान किया गया। गोमती बाई के इस आवेदन पर कलेक्टर ने बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री को नियमानुसार समुचित कार्यवाही के निर्देश दिए।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *