सड़क हादसे में ठेका श्रमिक की दर्दनाक मौत, कैमोर के एसीसी गेट पर भड़का श्रमिकों का आक्रोश
कटनी। कैमोर स्थित एसीसी अदाणी सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत एक ठेका श्रमिक की सड़क हादसे में असमय मौत के बाद क्षेत्र में तनाव और शोक की स्थिति है। घटना से आक्रोशित सैकड़ों श्रमिकों ने सोमवार सुबह प्लांट के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर मृतक के परिवार के लिए मुआवजे और रोजगार की मांग की।
ड्यूटी जाते समय हाइवा ने कुचला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिहरा (थाना बदेरा) निवासी कमलेश श्रीवास्तव (55) रविवार की रात करीब 12 बजे अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार ओवरलोडेड हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कमलेश श्रीवास्तव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सीसीटीवी में स्पष्ट नहीं हो सका वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही कैमोर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की है, लेकिन रात का अंधेरा और वाहन की अत्यधिक गति होने के कारण तस्वीर स्पष्ट नहीं हो पाई है, जिससे दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश में जुटी है।








