हमारी जनगणना, हमारा विकास, स्व-गणना के लिए निगमायुक्त की आमजन से अपील

हमारी जनगणना, हमारा विकास, स्व-गणना के लिए निगमायुक्त की आमजन से अपील

कटनी। नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सुश्री तपस्या परिहार ने नगर वासियों से अपील करते हुए कहा है कि नगर में चल रहे जनगणना का कार्य इस बार डिजिटल स्वरूप में किया जा रहा है, जो जनगणना प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं त्वरित बना रहा है। निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित निभाने का आग्रह किया है।
दो चरणों मे होगी जनगणना
निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। जिसके तहत प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग अर्थात मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
30 अप्रैल तक कर सकेंगे स्व – गणना
निगमायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना में स्व – गणना (Self Enumeration) की सुविधा 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध है। इसके पश्चात 1 मई से 30 मई 2026 के बीच प्रगणक द्वारा घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। नागरिक स्वयं भी स्व गणना पोर्टल के माध्यम से अपने घर एवं परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे गणना प्रक्रिया अधिक सहज एवं तीव्र हो जाती है। स्वगणना के लिए नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने राज्य का चयन कर, मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर प्रक्रिया प्रारंभ कर सकते हैं। पोर्टल पर उपलब्ध सरल दिशा-निर्देश, विकल्प आधारित प्रश्नावली, फोनेटिक एवं वर्चुअल कीबोर्ड तथा एफएक्यू जैसी सुविधाएं इसे अत्यंत उपयोगकर्ता अनुकूल बनाती हैं। सभी जानकारी भरने के उपरांत एक 11 अंकों की यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के आगमन पर साझा करना होगा।
सही जानकारी विकास योजनाओं के निर्माण में सहायक
श्रीमती तपस्या परिहार ने कहा कि जनगणना में दी गई सटीक जानकारी से न केवल देश की वास्तविक सामाजिक-आर्थिक स्थिति स्पष्ट होती है, बल्कि विकास योजनाओं के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अतः सभी नागरिक इस राष्ट्रीय दायित्व में सहभागी बनें और प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।
नागरिकों से आग्रह
उन्होंने नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा है कि “हमारी जनगणना, हमारा विकास”—इस भावना के साथ प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए, यही सशक्त और समृद्ध राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। निगमायुक्त ने सभी शासकीय विभागों, अधीनस्थ कार्यालयों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य संगठनों से अपील की है कि वे अधिसूचित अवधि के दौरान स्व-गणना के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करें, ताकि व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित हो सके तथा इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को कुशल, पारदर्शी एवं प्रौद्योगिकी-सक्षम तरीके से संपादित किया जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post