सिर्फ एक दिवस शेष, राहगीरी डे का भव्य आयोजन सुभाष चौक में रविवार को, स्वच्छ सर्वेक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने निगम प्रशासन की अनूठी पहल

कटनी। स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने और नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा इस रविवार 19 अप्रैल को प्रातः 7 बजे से सुभाष चौक में “राहगीरी डे” का भव्य आयोजन किया जाएगा । यह आयोजन न केवल मनोरंजन और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों का केंद्र होगा, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में बेहतर प्रदर्शन हेतु नागरिक सहभागिता को भी सशक्त करेगा।
नागरिकों को समर्पित रहेगा राहगीरी डे
शहर में मध्य सुभाष चौक से स्टेशन रोड मार्ग में प्रातः 7 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित होने वाले इस रोमांचक “राहगीरी-डे” में नगरवासी रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर खुली सड़कों पर उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न गतिविधियों में तनावमुक्त होकर भाग ले सकेंगे। आम नागरिकों को समर्पित इस कार्यक्रम मे जुंबा, योगा, रस्सा खींच, सांप सीढ़ी, पिट्टू, फिटनेस एक्सरसाइज सहित बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए विभिन्न रोचक खेल गतिविधियों के साथ- साथ संगीत और जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिसमें हर आयु वर्ग के लोग जुड़कर स्वास्थ्य लाभ अर्जित कर सकेंगे।
जागृति पार्क से हुआ था राहगीरी डे का शुभारंभ
उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन द्वारा विगत रविवार को माधव नगर स्थित जागृति पार्क में राहगीरी डे की भव्य शुभारंभ किया गया था। जिसने हर वर्ग के लोगों द्वारा उत्साहजनक सहभागिता की जाकर विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ अर्जित किया था।
स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ शहर का संदेश
नगर निगम द्वारा इस आयोजन को स्वच्छता सर्वेक्षण से जोड़ते हुए “स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ शहर” का संदेश प्रमुखता से प्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष गतिविधियां, संदेश बोर्ड, कचरा पृथक्करण (गीला-सूखा) की जानकारी तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया जाएगा।
निगम प्रशासन का मानना है कि जब नागरिक स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक और सक्रिय होंगे, तभी शहर स्वच्छता के मानकों पर खरा उतर सकेगा। राहगीरी डे के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा है।
नगर वासियों से अपील
नगर निगम प्रशासन ने सभी सम्माननीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों से अपील की है कि वे रविवार 19 अप्रैल को आयोजित होने वाले राहगीरी डे में अधिक से अधिक संख्या में इस अनूठे आयोजन का हिस्सा बनकर स्वास्थ्य लाभ अर्जित करें, और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर शहर के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें ।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *