विश्व पर्यावरण दिवस पर कटनी जिले में व्यापक पौधरोपण, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन

Oplus_16908288

विश्व पर्यावरण दिवस पर कटनी जिले में व्यापक पौधरोपण, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन

कटनी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कटनी जिले में वन विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले की सभी छह वन परिक्षेत्रों (रेंजों) में चयनित स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में जैव विविधता प्रबंधन समितियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कटनी नगर क्षेत्र में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, महापौर, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के वर्जन 3.0 के अंतर्गत स्वयं पौधरोपण कर आमजन को वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अभियान के अंतर्गत वनमंडल की 117 जैव विविधता प्रबंधन समितियों द्वारा विभिन्न स्थलों पर प्रति समिति 20 पौधों का रोपण किया गया। इस प्रकार हजारों पौधों के रोपण के माध्यम से जिलेभर में हरित वातावरण के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में मानवता और प्रकृति की सुरक्षा के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि पौधरोपण केवल औपचारिकता अथवा फोटोग्राफी तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया जाए, तभी पर्यावरण संरक्षण का वास्तविक उद्देश्य सफल होगा। कलेक्टर एवं डीएफओ ने मीडिया के माध्यम से जिलेवासियों से अपील की कि वे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी देखभाल कर इस जनअभियान को सफल बनाएं।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस महाअभियान ने यह संदेश दिया कि प्रकृति के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post