राष्ट्रीय एकता दिवस पर कटनी में 5 किमी मैराथन ‘रन फॉर यूनिटी’ का हुआ आयोजन, एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, पांच वर्गों में विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

कटनी। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को कटनी पुलिस और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 5 किलोमीटर की मैराथन ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम कटनी से शुरू हुई इस मैराथन को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। मैराथन पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर माधव नगर गेट एवं विश्राम बाबा होते हुए वापस पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, पुलिस जवानों, खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पांच वर्गों में प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान
मैराथन में विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। खेल विभाग वर्ग में प्रथम स्थान दिलराज, द्वितीय विकास साहू और तृतीय धर्मेंद्र कुमार ने प्राप्त किया। स्कूल बालक वर्ग में साहिल चक्रवर्ती प्रथम, सत्यम प्रजापति द्वितीय और गौरव वर्मा तृतीय स्थान पर रहे। स्कूल बालिका वर्ग में स्वप्निल पाल ने प्रथम, रश्मि सिंह ने द्वितीय और चंद चौधरी ने तृतीय स्थान हासिल किया। पुलिस विभाग पुरुष वर्ग में राहुल कोल प्रथम, रितेश कोल द्वितीय और अनुराग गर्ग तृतीय स्थान पर रहे। पुलिस विभाग महिला वर्ग में साक्षी लोधी ने प्रथम, जयंती के ने द्वितीय और अर्चना सिंह जादौन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, आपसी भाईचारे और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था। साथ ही, लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल गतिविधियों के प्रति जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।
पुलिस एवं खेल विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, माधव नगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र यादव और एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत उपस्थित रहे। इसके अलावा खेल विभाग से वीरेंद्र पांडे, दिनेश कनौजिया, देवी प्रसाद मरावी, श्रद्धा पांडे, चेतना झा, उमा चडार एवं रेखा सहित पुलिस और खेल विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों ने सहभागिता की।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *