रात भर रही चौकसी, सड़को पर डटे रहे अधिकारी, कटनी पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में 111 आरोपी पकड़े गए, 44 वारंटी गिरफ्तार
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में कटनी पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने 11 स्थाई वारंटी और 33 गिरफ्तारी वारंटियों सहित कुल 44 वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं अलग-अलग कार्रवाई में कुल 111 आरोपियों को पकड़ा गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 34 गुंडा बदमाशों और 33 निगरानी बदमाशों को चेक किया। इसके अलावा 88 से अधिक गुंडा, निगरानी बदमाश, आदतन अपराधी एवं जेल से रिहा आरोपियों की गतिविधियों की जांच की गई। अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी एक्ट के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2 वाहन चालकों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत भी एक प्रकरण दर्ज किया।
अभियान के दौरान 31 जमानती वारंट और 36 समंस तामील किए गए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 170 बीएनएसएस के तहत 5 तथा धारा 126, 135 बीएनएसएस के तहत 53 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इसके साथ ही जिला बदर किए गए 2 बदमाशों की चेकिंग की गई तथा रात्रि में आने-जाने वाले 34 मुसाफिरों की जांच कर उनका विवरण रजिस्टर में दर्ज किया गया। कटनी पुलिस की इस व्यापक कॉम्बिंग गश्त का उद्देश्य वारंटियों की धरपकड़, आदतन अपराधियों की निगरानी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना रहा।








