एनकेजे रेलवे स्कूल में शिक्षकों की कमी पर एनएसयूआई ने किया जोरदार प्रदर्शन, एक माह में भर्ती का मिला लिखित आश्वासन

कटनी। एनकेजे रेलवे स्कूल, कटनी में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर शुक्रवार को एनएसयूआई ने जिला अध्यक्ष अजय खटिक के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लेकर विद्यालय में जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग उठाई। स्थिति को देखते हुए एनकेजे थाना पुलिस का भारी बल मौके पर तैनात रहा।
एनएसयूआई का आरोप है कि कक्षा पहली से बारहवीं तक एक हजार से अधिक विद्यार्थियों वाले इस विद्यालय में वर्तमान में केवल पांच शिक्षक कार्यरत हैं। शिक्षकों की कमी के चलते नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है और विद्यार्थियों को एक दिन छोड़कर एक दिन स्कूल बुलाया जा रहा है, जिससे महीने में लगभग आधे दिन ही कक्षाएं संचालित हो पा रही हैं। जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का मौलिक अधिकार है और रेलवे जैसे केंद्रीय संस्थान के विद्यालय में शिक्षकों की इतनी बड़ी कमी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि संगठन विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगा।
प्रदर्शन के बाद स्कूल प्रबंधन ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। इसके पश्चात एनएसयूआई को लिखित आश्वासन दिया गया कि एक माह के भीतर विद्यालय में आवश्यकतानुसार सभी शिक्षकों की भर्ती की जाएगी, जिससे नियमित रूप से कक्षाएं संचालित हो सकें। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हुई और नियमित पढ़ाई शुरू नहीं हुई, तो संगठन विद्यार्थियों के हित में आंदोलन को और व्यापक रूप देगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल पांडे, पार्षद विनीत जायसवाल, चौखे भाईजान, कांग्रेस आईटी सेल अध्यक्ष सुरेंद्र राणा, सुनील श्रीवास, संदीप रजक, सतीश तिवारी, प्रिंस वंशकार, बराहुल यादव, प्रज्ज्वल साहू, सौरभ पांडेय, सत्यम द्विवेदी, अनुभव सिंह, अनूप सिंह, आदित्य सिंह, अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *