अब रविवार को भी खुलेगा प्रधान डाकघर का आधार केंद्र, सुबह 10 से शाम 6 बजे तक मिलेगी सुविधा
कटनी। आधार कार्ड से जुड़े कार्यों के लिए अब नागरिकों को सोमवार से शनिवार तक का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। भारतीय डाक विभाग ने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रधान डाकघर कटनी में रविवार को भी आधार केंद्र संचालित करने का निर्णय लिया है।
प्रवर अधीक्षक डाकघर, जबलपुर संभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार प्रधान डाकघर कटनी में रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं सोमवार से शनिवार तक आधार केंद्र सुबह 9 बजे से रात 7 बजे तक संचालित होगा। इस दौरान नागरिक आधार कार्ड का नया नामांकन कराने के साथ ही नाम, पता सहित अन्य जानकारियों में संशोधन एवं अपडेट का कार्य करा सकेंगे। रविवार को भी केंद्र खुलने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और सप्ताह के अन्य दिनों में व्यस्त रहने वाले नागरिकों को विशेष राहत मिलेगी। डाक विभाग की इस पहल से अब आमजन को आधार संबंधी कार्यों के लिए अतिरिक्त समय और सुविधा मिल सकेगी।