एनकेजे पुलिस ने दो चोरी का किया खुलासा, करीब 3 लाख का मशरूका बरामद, सरसवाही में सूने घर को बनाया था निशाना

कटनी। एनकेजे पुलिस ने थाना क्षेत्र में हुई दो चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए निगरानी बदमाश दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को ग्राम सरसवाही निवासी अजय तिवारी के सूने घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मामले में थाना एनकेजे में अपराध क्रमांक 125/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी तरह 20 अप्रैल 2026 को प्रेमनगर निवासी विजय अहिरवार के घर चोरी की घटना में अपराध क्रमांक 211/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों सहित विभिन्न माध्यमों से जांच की। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि थाना विजयराघवगढ़ क्षेत्र में मंदिर चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने एनकेजे थाना क्षेत्र के ग्राम सरसवाही और प्रेमनगर के सूने मकानों में चोरी करना भी स्वीकार किया है। विजयराघवगढ़ पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने के बाद एनकेजे पुलिस ने न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों स्थानों से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करना बताया। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने करीब 3 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए।
ये आभूषण हुए बरामद
बरामद सामान में चांदी की चूड़ियां, बिछिया, पायल तथा सोने का लॉकेट, टॉप्स, अंगूठी, नथ, तीन सोने की चेन सहित अन्य सामान शामिल हैं।
दंपती के खिलाफ दर्ज हैं कई मामले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा उर्फ मोहन साहू पिता गोपाल साहू, उम्र 42 वर्ष, निवासी प्रेमनगर, थाना एनकेजे तथा उसकी पत्नी राजनंदनी साहू पति राजा उर्फ मोहन साहू, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राजा उर्फ मोहन साहू थाना एनकेजे का निगरानी बदमाश है और उसके विरुद्ध कटनी सहित अन्य जिलों में कुल 42 अपराध दर्ज हैं। वहीं राजनंदनी साहू के विरुद्ध पूर्व से 10 अपराध पंजीबद्ध बताए गए हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी एनकेजे उप निरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत, थाना प्रभारी पान उमरिया महेंद्र जायसवाल, सउनि सहपाल परतेती, सउनि केवल उइके, प्रधान आरक्षक दिवाकर ओझा, प्रधान आरक्षक 503 अजय सिंह, आरक्षक उमेश सिंह, जज कुमार, महिला आरक्षक अस्विता ग्वालवंशी तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक विभांशु कोरी, आरक्षक अजय शंकर साकेत, शुभम गौतम, अमित श्रीपाल, सत्येंद्र राजपूत एवं चंदन प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *