शराब पीकर खतरनाक तरीके से चला रहा था बाइक, निवार पुलिस ने पकड़ा, जांच के बाद वाहन जब्त
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधों एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी निवार, थाना माधवनगर पुलिस ने शराब के नशे में खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे एक युवक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 को ग्राम निवार में वाहन जांच अभियान के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZK 1684 का चालक बेनी प्रसाद भूमिया (26 वर्ष) निवासी संसारपुर, थाना स्लीमनाबाद संदिग्ध अवस्था में वाहन चलाते हुए मिला। पुलिस द्वारा चालक की जांच अल्कोहल एनालाइजर मशीन से कराई गई, जिसमें उसके द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया। मामले का इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, मनीष कुमार तथा आरक्षक वकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है।








