निवार पुलिस का जुआरियों पर शिकंजा, 13 आरोपी गिरफ्तार, नकद और ताश के पत्ते जब्त, ग्राम टेढ़ी में पुलिस की छापेमार कार्रवाई, जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कटनी। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत निवार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम टेढ़ी में ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 13 लोगों को पकड़ा है। मौके से पुलिस ने 12,330 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और अवैध कार्यों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अनिमेश द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र यादव के नेतृत्व में चौकी प्रभारी निवार अंजनी कुमार मिश्र को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। गत 17 अक्टूबर 2026 को निवार पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम टेढ़ी में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर कथित रूप से जुआ खेलते हुए 13 लोगों को पकड़ा और उनके कब्जे से नकदी सहित ताश के पत्ते जब्त किए।
ये 13 आरोपी पकड़े गए
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में बंटू लुनिया (22), राजीव लुनिया (22), दीपक सिंह (22), दुर्गेश बर्मन (33), धर्मेन्द्र रजक (32), सुनील काछी (32), संतोष यादव (30), कोमल सिंह (34), प्रदु लुनिया (35), शुभाष लुनिया (30), राहुल दुबे (30), गुड्डू सिंह (42) और राहुल यादव (38) शामिल हैं। सभी आरोपियों के पते कटनी जिले के विभिन्न गांवों के बताए गए हैं। पूरी कार्रवाई चौकी प्रभारी निवार अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक मनीष कुमार, अंकित दुबे, आरक्षक अरविंद कुशवाहा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।