गांजा तस्करी के फरार आरोपी को निवार पुलिस ने किया गिरफ्तार, मंडला निवासी आरोपी को पुलिस ने पकड़ा, भेजा जेल

Oplus_16908288

कटनी। निवार पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी को 8 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। मामले में एक अन्य आरोपी के कब्जे से पहले ही 2 किलो 173 ग्राम गांजा बरामद किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई थी कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जरवाही के जंगल के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर तस्करी कर रहा है। सूचना पर निवार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। इस दौरान साहिल प्रजापति (24), निवासी बंदी रोड, थाना स्लीमनाबाद, जिला कटनी, मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ML 8212 पर सफेद रंग का थैला लेकर दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान थैले से 2 किलो 173 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई। पूछताछ में साहिल ने पुलिस को बताया कि उसे गांजा मंडला निवासी नितेश यादव ने दिया था।
एक महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार
मामले में फरार चल रहे नितेश यादव (24), पिता किशन यादव, निवासी ग्राम नेझर, थाना निमास, जिला मंडला को पुलिस ने 8 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कटनी न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जिला जेल कटनी में दाखिल कराया गया।
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, सहायक उपनिरीक्षक राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक गौरव सेन (क्रमांक 76), प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति (क्रमांक 182) और आरक्षक अरविंद कुशवाहा (क्रमांक 352) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष दुबेदी और माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की गई।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *