दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के लिए नया यातायात डायवर्जन प्लान लागू, मंगलवार और शनिवार को शाम 6 से रात 10 बजे तक रहेगा विशेष ट्रैफिक प्रबंध

कटनी। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने नया डायवर्जन प्लान तैयार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुगम यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर द्वारा यह विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। यह व्यवस्था प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक सब्जी मंडी एवं दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग क्षेत्र में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ और संकरे रास्तों को देखते हुए मंदिर क्षेत्र को पूर्णतः पैदल दर्शन मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। डायवर्जन प्लान के तहत बरही नाका से मंदिर की ओर जाने वाले सभी चारपहिया वाहन, ऑटो एवं ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को मॉल रोड, खिरहनी चौकी एवं एनपीएन मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। केवल स्थानीय निवासियों और आपातकालीन वाहनों को नियंत्रित रूप से प्रवेश दिया जाएगा। वहीं विश्वकर्मा पार्क की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मंदिर मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। छोटे वाहनों को विश्वकर्मा पार्क से सुभाष चौक होते हुए स्टेशन रोड की ओर भेजा जाएगा, जबकि भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
सुभाष चौक से मंदिर की ओर वन-वे पैदल कॉरिडोर बनाया जाएगा। ई-रिक्शा और ऑटो को झंडा बाजार एवं गोल बाजार मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा। भीड़ बढ़ने की स्थिति में अस्थायी बैरिकेडिंग भी की जाएगी। यातायात पुलिस ने मंदिर के 200 से 300 मीटर क्षेत्र को “नो व्हीकल जोन” घोषित करने का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं के लिए अलग पैदल मार्ग बनाया जाएगा, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। पुलिस प्रशासन द्वारा बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक एवं मंदिर मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही क्रेन एवं टोइंग वाहन स्टैंडबाय रखे जाएंगे। नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लाउड हेलर एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से दी जाएगी। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *