सफाई व्यवस्था और आवारा पशुओं के नियंत्रण में लापरवाही पड़ी भारी, निगमायुक्त ने सफाई संरक्षक को किया निलंबित

कटनी। नगर निगम की सफाई व्यवस्था, आवारा पशुओं के नियंत्रण और नागरिकों की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतना सफाई संरक्षक दीपक मलिक को भारी पड़ गया। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कार्यों के प्रति उदासीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें जोन कार्यालय क्रमांक-03 के खिरहनी उपकार्यालय में संबद्ध किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
आवारा पशुओं और सफाई व्यवस्था में नहीं हुआ सुधार
जारी निलंबन आदेश के अनुसार, दीपक मलिक को नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के नियंत्रण के साथ आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए हांका गैंग, अमीरगंज गौशाला और झिंझरी स्थित कांजी हाउस का प्रभार सौंपा गया था। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी बनी रही। वहीं, सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों के निराकरण में भी अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई।
समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आ रही समस्याओं पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को प्रशासन ने गंभीरता से लिया।
कारण बताओ नोटिस की भी नहीं की अनदेखी दूर
संबंधित कर्मचारी को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित निर्देशों के अनुरूप जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने का उल्लेख निलंबन आदेश में किया गया है। कार्यदायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के साथ नोटिस के प्रति उदासीनता को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित रहने से ग्रेडिंग प्रभावित
निलंबन आदेश में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर आवारा पशुओं और साफ-सफाई से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें लंबित रहने का भी उल्लेख है। शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण नहीं होने से नगर निगम की ग्रेडिंग प्रभावित हुई। जनसमस्याओं के समाधान में अपेक्षित सक्रियता का अभाव प्रशासनिक जवाबदेही के विपरीत पाया गया।
गौशाला और कांजी हाउस की व्यवस्थाओं पर भी सवाल
दीपक मलिक को अमीरगंज गौशाला और झिंझरी स्थित कांजी हाउस में साफ-सफाई तथा पशुओं के समुचित रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी गई थी। आदेश के अनुसार, इन व्यवस्थाओं के संचालन में भी अपेक्षित गंभीरता और सक्रियता नहीं दिखाई गई। इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त ने निलंबन की कार्रवाई की।
सेवा नियमों के तहत की गई कार्रवाई
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने संबंधित कर्मचारी के कृत्यों को कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिक सुविधाओं, सफाई व्यवस्था और जनशिकायतों के निराकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी निर्देशों की अवहेलना और कार्यों में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *