फर्जी सिम मामले में फरार नवीन माखीजा इंदौर से गिरफ्तार, भेजा गया जेल, देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े फर्जी सिम नेटवर्क की जांच में जुटी कटनी पुलिस

कटनी। फर्जी सिम कार्ड के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े मामले में कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना दिनांक से फरार चल रहे आरोपी नवीन माखीजा को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को थाना माधवनगर लाकर विधिवत गिरफ्तारी की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई ऑपरेशन FAST-2.0 (Forged Activated SIM Termination) के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) अनिमेश द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी माधवनगर शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
फर्जी सिम के जरिए साइबर ठगी का मामला आया सामने
पुलिस के मुताबिक, गृह मंत्रालय भारत सरकार के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) से संदिग्ध पीओएस धारकों, एजेंटों और फर्जी सिम उपयोगकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला साइबर टीम को जांच एवं कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। जांच के दौरान कटनी जिले में पीओएस एजेंट के माध्यम से फर्जी सिम जारी किए जाने तथा इन सिम कार्डों का देश के विभिन्न राज्यों में सामने आए साइबर ठगी के मामलों से संबंध होने की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना माधवनगर पुलिस और जिला साइबर टीम ने जांच तेज की।
पहले आकाश गुप्ता की हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले आरोपी आकाश गुप्ता को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई थी। जांच के दौरान उसके विरुद्ध थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 948/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2) एवं आईटी एक्ट की धारा 66(C) में प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान दूरसंचार अधिनियम, 2023 की धारा 42(3)(e) एवं 42(6) भी जोड़ी गईं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ एवं विवेचना के दौरान एक अन्य व्यक्ति को भी फर्जी सिम उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस फरार आरोपी नवीन माखीजा की तलाश में जुटी थी।
सूचना पर टीम पहुंची इंदौर, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि मामले में फरार आरोपी नवीन माखीजा, पिता स्वर्गीय अवतराम माखीजा, उम्र 30 वर्ष, निवासी रघुनाथगंज वार्ड, घंटाघर, थाना कोतवाली, इंदौर में छिपा हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद पुलिस टीम गठित कर इंदौर रवाना की गई। टीम ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर थाना माधवनगर पहुंचाया, जहां उसकी विधिवत गिरफ्तारी की गई। पुलिस के अनुसार, मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी आकाश गुप्ता वर्तमान में जिला जेल कटनी में निरुद्ध है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव, उप निरीक्षक योगेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक 151 अजीत बागरी, प्रधान आरक्षक 113 आशीष श्रीवास, आरक्षक 605 मयंक सिंह, आरक्षक 22 मणी सिंह तथा जिला साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कटनी पुलिस की आमजन से अपील
कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आधार कार्ड, फोटो, बायोमेट्रिक और अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज किसी अनजान या अनधिकृत व्यक्ति को न दें। अपने नाम पर जारी मोबाइल सिम कार्डों की जानकारी समय-समय पर जांचते रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने चेताया कि फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है। नागरिकों से सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई है। कटनी पुलिस ने साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।