अल्फर्टगंज में अतिक्रमण एवं अस्वच्छता के विरुद्ध नगर निगम ने की सख्त कार्रवाई, अतिक्रमण एवं नियमों के उल्लंघन पर 2 कबाड़ दुकानें सील, अस्वच्छता फैलाने पर 5 हजार का अर्थदंड

कटनी। शहर में स्वच्छ, व्यवस्थित एवं अतिक्रमणमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा अतिक्रमण एवं अस्वच्छता के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम के अतिक्रमण एवं स्वच्छता अमले द्वारा शुक्रवार को बी.डी अग्रवाल वार्ड अंतर्गत अल्फर्टगंज क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यवसायियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
2 कबाड़ दुकानें सील, अस्वच्छता पर लगाया 5 हजार का अर्थदंड
संयुक्त कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण एवं नियमों के उल्लंघन के मामले में 2 कबाड़ दुकानों को सील किया गया। वहीं सार्वजनिक स्थान पर अस्वच्छता फैलाने एवं स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने के मामले में एक व्यवसायी के विरुद्ध 5,000 का अर्थदंड लगाया गया।
नगर निगम अमले द्वारा कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यवसायियों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए तथा दुकान एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना भी सुनिश्चित करें। निगम अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को बाधित करने अथवा गंदगी फैलाने से नागरिकों को असुविधा होती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमण एवं अस्वच्छता के विरुद्ध कार्रवाई रहेगी जारी
कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह द्वारा स्पष्ट किया गया कि शहर में सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमणमुक्त, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। व्यवसायियों एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे नगर निगम के स्वच्छता एवं अतिक्रमण संबंधी नियमों का पालन करें तथा शहर की स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन यंत्री श्री सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह एवं स्वच्छता निरीक्षक निशांत कन्नौजिया सहित नगर निगम का अमला उपस्थित रहा। कार्रवाई के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस बल की मौजूदगी रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *