अनाधिकृत फ्लेक्स उतारने को लेकर घेरा नगर निगम कार्यालय, नारेबाजी करते हुए किया चक्काजाम, निगमायुक्त ने दिए जांच के निर्देश
कटनी। नवरात्र पर्व के दौरान शहर की सुंदरता बनी रहे और आवागमन बाधित न हो इसको लेकर नगर निगम की अतिक्रमण टीम के द्वारा की जा रही कार्यवाही के बीच एक बैनर को उतारने के घटनाक्रम ने राजनैतिक रूप ले लिया। दशहरा उत्सव कमेटी के द्वारा बिना अनुमति लगाए गए बैनर को उतारे जाने से नाराज लोगों ने इसे भगवान का अपमान बताते हुए नगर निगम कार्यालय के सामने चक्का जाम कर दिया। अतिक्रमण अधिकारी को हटाने और टीम के ऊपर कार्यवाही करने की मांग करते हुए लोगों ने जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक हंगामा किए जाने के बाद जब नगर निगम कमिश्नर तपस्या परिहर ने जांच एवं कार्यवाही करने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर हंगामा खत्म हुआ।
की है रही थी कार्रवाई
नवरात्र पर्व के दौरान शहर की सुंदरता को बनाए रखने के लिए निगमायुक्त के द्वारा नगर निगम के अतिक्रमण विभाग को विशेष निर्देश प्रदान किए गए हैं, जिसके तहत शहर के गली चौराहों में अनाधिकृत रूप से लगाए गए बैनर पोस्ट को हटाए जाने की कार्यवाही आज नगर निगम के अतिक्रमण टीम के द्वारा की जा रही थी। देर शाम जब शहर के हृदय स्थल मिशन चौक पर लगे विशालकाय दशहरा उत्सव समिति के पोस्ट को हटाया जाना जाने लगा तो इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस कार्यवाही को भगवान का अपमान करार देते हुए जमकर बवाल काटा।
किया चक्काजाम
देखते ही देखते कार्यवाही को धार्मिक भावना से जोड़ते हुए लोगों ने नगर निगम के सामने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।चक्का जाम करते हुए जमकर नारेबाजी की गई। घटना की सूचना मिलते ही कुछ राजनेता भी यहां पर आ पहुंचे और उन्होंने भी प्रदर्शन को अपना समर्थन प्रदान करते हुए नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
दिया कार्यवाही का आश्वासन
घटनाक्रम की जानकारी लगने के बाद नगर निगम कमिश्नर तपस्या परिहर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पूरे घटनाक्रम की जांच करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्यवाही अवश्य की जाएगी नगर निगम कमिश्नर के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हो सका।