सी.एम. हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में नगर निगम कटनी ‘ए’ ग्रेड के साथ प्रदेश में छठवें स्थान पर
कटनी। नगर निगम कटनी ने सी.एम. हेल्पलाइन प्रकरणों के प्रभावी एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की सतत मॉनिटरिंग एवं मार्गदर्शन के फलस्वरूप मार्च माह की ग्रेडिंग में नगर निगम कटनी को ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही निगम ने प्रदेश की अग्रणी नगर निगमों में छठवां स्थान हासिल किया है।मध्यप्रदेश शासन द्वारा सोमवार 20 अप्रैल 2026 को जारी प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग के अनुसार नगर निगम कटनी ने 88.96 वेटेज स्कोर अर्जित किया। मार्च माह में प्राप्त कुल 702 शिकायतों में से 51.45 प्रतिशत शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया, जो निगम की कार्यप्रणाली की दक्षता को दर्शाता है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने इस उपलब्धि को टीम वर्क का परिणाम बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने अधिकारियों – कर्मचारियों को इसी समर्पण, मेहनत एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने बताया कि शासन स्तर पर प्रतिमाह सी.एम. हेल्पलाइन की ग्रेडिंग जारी की जाती है, जिसमें बेहतर प्रदर्शन के लिए निगम प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।








