सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर निगमायुक्त का जोर, समीक्षा बैठक में विभागवार प्रकरणों की प्रगति परखी

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर निगमायुक्त का जोर, समीक्षा बैठक में विभागवार प्रकरणों की प्रगति परखी

कटनी। नगर पालिक निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने विशेष रूप से 50 दिवस एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों की शाखावार स्थिति का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं से नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान किया जाए, जिससे सीएम हेल्पलाइन में निगम की रैंकिंग में और अधिक सुधार हो सके।
बैठक में साफ-सफाई, सिविल, पेयजल, सीवेज, भवन अनुज्ञा, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, समग्र आईडी, स्थायी अतिक्रमण, आवारा मवेशी, यांत्रिकी तथा योजना प्रकोष्ठ सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने कहा कि कई शिकायतें एक से अधिक विभागों से संबंधित होती हैं, इसलिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं टीमवर्क के माध्यम से शिकायतों के निराकरण की गति बढ़ाई जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन का कोई भी प्रकरण नॉन-अटेंडेड न रहे तथा प्रत्येक शिकायत पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निगमायुक्त ने कहा कि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण से ही नागरिकों का विश्वास मजबूत होगा और शासन की जनहितकारी व्यवस्था का उद्देश्य भी पूर्ण होगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post