छतों से सड़क पर गिरने वाले वर्षाजल को रोकें, शासकीय सड़कों की करें सुरक्षा, निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को दिए निर्देश

छतों से सड़क पर गिरने वाले वर्षाजल को रोकें, शासकीय सड़कों की करें सुरक्षा, निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को दिए निर्देश

कटनी। नगर पालिक निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने वर्षा ऋतु के दौरान भवनों की छतों से वर्षा जल की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण तथा उक्त वर्षाजल सीधे सार्वजनिक सड़कों पर गिरने से शासकीय सड़कों को होने वाले नुकसान को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छतों का वर्षाजल सीधे सड़क पर गिरने से सड़क की सतह क्षतिग्रस्त होती है, जिससे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ ही नागरिकों के आवागमन में भी कठिनाई उत्पन्न होती है।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को सभी वार्डों का भ्रमण कर ऐसे भवनों की पहचान करने तथा संबंधित भवन स्वामियों से संपर्क स्थापित कर वर्षाजल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भवनों की पाइपलाइन इस प्रकार व्यवस्थित कराई जाए कि वर्षाजल सीधे सड़क पर न गिरे, बल्कि परिसर के भीतर रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोख्ता गड्ढे अथवा अन्य उपयुक्त जल निकासी व्यवस्था से जोड़ा जाए। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे शासकीय संपत्ति के संरक्षण एवं जल संरक्षण की भावना को ध्यान में रखते हुए अपने भवनों की वर्षाजल निकासी व्यवस्था को व्यवस्थित करें। इससे एक ओर सार्वजनिक सड़कों की गुणवत्ता एवं आयु सुरक्षित रहेगी, वहीं वर्षाजल का बेहतर प्रबंधन भी सुनिश्चित हो सकेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post