माता शबरी कन्या शिक्षा परिषद में 20 से अधिक छात्राएं बीमार, दूषित भोजन-पानी की आशंका, सौंपा ज्ञापन

कटनी। जिले के सरस्वाही स्थित माता शबरी कन्या शिक्षा परिषद के छात्रावास में दूषित भोजन और पानी के सेवन की आशंका के बीच 20 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। शनिवार से शुरू हुई यह स्थिति रविवार तक जारी रही, जिससे छात्रावास और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
बीमार छात्राओं ने सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत की। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं का प्राथमिक उपचार शुरू किया। प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों ने इसे संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला माना है। वहीं, हॉस्टल की रसोई और पेयजल स्रोत से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। घटना के बाद छात्राओं के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल परिसर के बाहर एकत्र हो गए। अरविंद सिंह टेकाम और जय सूर्यवंशी के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए अभिभावकों ने छात्रावास प्रबंधन और शिक्षा विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती और सभी छात्राएं पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जातीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने छात्रावास परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया है। अपर जिला पंचायत सीईओ सहित शिक्षा विभाग, खाद्य विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन का कहना है कि छात्राओं का बेहतर उपचार प्राथमिकता है तथा जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित प्रबंधन या जिम्मेदार वेंडर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *