आचार्य कृपलानी वार्ड क्रमांक 41 में आदर्श आचरण संहिता लागू, उप निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ लागू हुई आदर्श आचरण संहिता, निगमायुक्त ने दिए निर्देश

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी के वार्ड क्रमांक 41 आचार्य कृपलानी वार्ड में रिक्त पार्षद पद के होने वाले उप निर्वाचन 2026 के मद्देनजर आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा उप निर्वाचन वर्ष-2026 (पूर्वार्ध) के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी किए जाने के बाद नगर निगम क्षेत्र के संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू की गई है। नगर निगम आयुक्त हरसिमरनप्रीत कौर आईएएस द्वारा जारी आदेशानुसार राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 31 अगस्त 2026 को जारी निर्वाचन कार्यक्रम तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, कटनी के आदेश के क्रम में नगर निगम कटनी के वार्ड क्रमांक 41 आचार्य कृपलानी वार्ड के निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता निर्वाचन परिणाम की घोषणा 03 अक्टूबर 2026 दिन शनिवार तक प्रभावशील रहेगी।
आदेश के माध्यम से नगर निगम के उपायुक्त, कार्यपालन यंत्री, विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, जल प्रदाय विभाग, स्वास्थ्य अधिकारी, लेखा अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक, राजस्व अधिकारी, निर्वाचन शाखा प्रभारी, मुख्य स्टोर प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों को आदर्श आचरण संहिता के प्रावधानों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन अवधि के दौरान आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा आदर्श आचरण संहिता के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *