नाबालिग बालिका को सूरत से सुरक्षित किया दस्तयाब, एनकेजे पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
कटनी। जिले के एन.के.जे. थाना पुलिस को गुमशुदा बालक बालिकाओं की दस्तयाबी में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन मुस्कान” के तहत अपहृत नाबालिग बालिका को गुजरात के सूरत शहर से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी एन.के.जे. के नेतृत्व में गठित टीम ने तत्परता दिखाते हुए साइबर सेल की मदद से बालिका का पता लगाया।
गौरतलब है की थाना एन.के.जे. में दर्ज अप. क्र. 178/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत नाबालिग बालिका के अपहरण का मामला सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने सूरत (गुजरात) पहुंचकर बालिका को सुरक्षित बरामद किया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने एन.के.जे. पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और कार्यकुशलता की सराहना की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुपेन्द्र राजपूत, सउनि केवल उइके, प्रधान आरक्षक शैलेश दमोहिया, आरक्षक विनोद सिंह मार्को, महिला आरक्षक पुष्पलता मिश्रा सहित साइबर सेल टीम के शुभम गौतम, अमित श्रीपाल, अजय शंकर साकेत, सत्येंद्र, चंदन एवं एन.आर.एस. सोनू कहार की विशेष भूमिका रही। ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले में लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है, जिससे हर परिवार को उनका खोया सदस्य सुरक्षित वापस मिल सके।








