मेरा बाजार-स्वच्छ बाजार की भावना जगाने निगमायुक्त ने मुख्य स्टेशन मार्ग का किया पैदल भ्रमण, दुकानों में डस्टबिन रखने एवं निर्धारित सीमा में व्यवसाय संचालन पर दिया जोर

मेरा बाजार-स्वच्छ बाजार की भावना जगाने निगमायुक्त ने मुख्य स्टेशन मार्ग का किया पैदल भ्रमण, दुकानों में डस्टबिन रखने एवं निर्धारित सीमा में व्यवसाय संचालन पर दिया जोर

कटनी। स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शहर निर्माण की दिशा में नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार मैदानी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने मंगलवार देर शाम मुख्य स्टेशन मार्ग क्षेत्र का पैदल निरीक्षण कर स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं बाजार क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय व्यापारियों से सीधे संवाद कर कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों एवं व्यापारियों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
व्यवसायियों से ली सफाई एवं कचरा संग्रहण व्यवस्था की जानकारी
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने क्षेत्र के प्रत्येक दुकानदारों से निगम की सफाई व्यवस्था एवं कचरा संग्रहण वाहनों के आने के समय की जानकारी ली। व्यवसायियों ने बताया कि क्षेत्र में प्रतिदिन नियमित सफाई होती है तथा कचरा संग्रहण वाहन दिन में दो बार आते हैं। इस पर निगमायुक्त ने सभी दुकानदारों से वाहन में ही कचरा देकर सफाई व्यवस्था में सहयोग प्रदान करने की बात कही।
इन स्थलों पर सुधार के निर्देश
राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स स्थित चाय, पान एवं नाश्ते की दुकानों के सामने गंदगी पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने, दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने तथा नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। जबकि शराब दुकान के बाहर शराब की खाली बोतल, डिस्पोजल, पानी पाउच एवं गंदगी मिलने पर नाराजगी जाहिर करते हुए चालानी कार्यवाही के निर्देश दिए। इसी प्रकार दिलबहार चौक क्षेत्र के भोजनालय एवं चाय दुकानों के संचालकों को बर्तन दुकान के भीतर धोने के निर्देश दिए गए। वहीं सब्जी मंडी मोड़, शिवधाम गली, पंचमुखी हनुमान जी मंदिर के आस पास सहित अन्य स्थलों के व्यवसायियों को निर्धारित सीमा के भीतर सामग्री रखकर व्यवसाय संचालन करने तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग देने की समझाइश दी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश अतिक्रमण विभाग को दिए।
मंदिर क्षेत्र की व्यवस्था सुधारने समिति से चर्चा के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पंचमुखी हनुमान जी महाराज मंदिर के समीप संचालित हो रहे भंडारे एवं प्रसाद वितरण के कारण मुख्य मार्ग की यातायात एवं सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त ने अधिकारियों को मंदिर समिति के सदस्यों से चर्चा कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक समाधान निकालने के निर्देश दिए।
नाली कवरिंग कार्य करें शीघ्र पूर्ण
मुख्य स्टेशन मार्ग, राजीव गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं सम्राट होटल क्षेत्र सहित कुछ अन्य स्थानों पर की क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत एवं आवश्यक स्थलों पर नाली कवरिंग कार्य का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर स्थल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश उपयंत्री पवन श्रीवास्तव को दिए।
सेंटर लाइन, पार्किंग व्यवस्था एवं साइन बोर्ड लगवाने के निर्देश
मार्ग निरीक्षण के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगमायुक्त ने सेंटर लाइन एवं कॉर्नर लाइन खिंचवाने, पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने तथा नो पार्किंग जोन में आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर योगेश पवार को दिए।
नागरिकों से अपील
निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने कहा कि स्वच्छ बाजार न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, व्यापारिक वातावरण एवं यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाता है। आपने नागरिकों एवं व्यापारियों से “मेरा बाजार-स्वच्छ बाजार” की भावना के साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन आदेश जैन, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव एवं शैलेन्द्र प्यासी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर योगेश पवार, अतिक्रमण टीम, एमएसडब्ल्यू प्रबंधन तथा ओम साईं विजन टीम के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

भोपाल में मछुवारा प्रकोष्ठ का शक्ति प्रदर्शन, कटनी के श्याम निषाद का बढ़ा राजनैतिक कद, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निवास पर किया सम्मान, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बोले- समाज और पार्टी के बीच मजबूत सेतु बनेंगे श्याम