छठ महापर्व की तैयारियों का महापौर प्रीति सूरी ने लिया जायजा, तीन घाटों का किया निरीक्षण, बाबा घाट, बजरंग घाट और छपरवाह घाट पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था व सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश

कटनी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार, 11 नवंबर को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नगर निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाबा घाट, बजरंग घाट एवं छपरवाह घाट पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
घाटों पर विशेष सफाई और रोशनी की व्यवस्था के निर्देश
निरीक्षण के दौरान महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने घाटों की सीढ़ियों, नदी किनारे एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा कचरे और गाद की सफाई कराने के निर्देश दिए। महापौर ने घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवागमन मार्गों और घाटों के किनारों पर चूने की लाइनिंग कराने तथा झुकी हुई पेड़ों की टहनियों की छंटाई करने को कहा। इसके साथ ही मच्छरों एवं अन्य कीटों से बचाव के लिए नियमित कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग कराने तथा घाट परिसर में पुताई का कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
बजरंग और छपरवाह घाट पर रेलिंग लगाने की पहल
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महापौर ने बजरंग घाट एवं छपरवाह घाट पर रेलिंग लगाए जाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित उपयंत्रियों को दोनों घाटों पर रेलिंग निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर भविष्य में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम किए जा सकें। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और छठ पूजा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सफाई, रोशनी और सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी एवं सुभाष साहू, क्षेत्रीय पार्षद संतोष शुक्ला, श्रीमती प्रभा गुप्ता एवं शकुंतला सोनी, सहायक यंत्री मोना करेरा, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल, राजललित गुमास्ता, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनौजिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *