निर्माण कार्यों में लापरवाही पर महापौर प्रीति सूरी सख्त, मसुरहा वार्ड में नाली निर्माण की जांच के निर्देश

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर महापौर प्रीति सूरी सख्त, मसुरहा वार्ड में नाली निर्माण की जांच के निर्देश

कटनी। नगर निगम क्षेत्र के मसुरहा वार्ड में निर्माणाधीन नाली कार्य में लापरवाही सामने आने पर महापौर प्रीति संजीव सूरी ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर फीडबैक लिया। इस दौरान नागरिकों ने शिकायत की कि नाली निर्माण बिना मजबूत बेस तैयार किए कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। शिकायत मिलते ही महापौर ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई स्थानों पर तकनीकी मानकों की अनदेखी सामने आने पर उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को फटकार लगाई।
महापौर प्रीति सूरी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि टाइम कीपर कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहते हैं, जिससे निर्माण कार्यों की सही मॉनिटरिंग प्रभावित होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करें और गुणवत्ता सुनिश्चित करें। महापौर ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों के हितों से जुड़े विकास कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किए जाने चाहिए, ताकि लोगों को स्थायी एवं बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद अज्जू सोनी, कमलेश चौधरी, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post