जनता के बीच पहुंचीं महापौर प्रीति सूरी, वार्डों में पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

कटनी। महापौर प्रीति संजीव सूरी ने गुरुवार सुबह मदन मोहन चौबे वार्ड एवं फॉरेस्टर वार्ड का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने नाले-नालियों की समय पर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि शहर में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो।
महापौर ने वार्डों की विभिन्न गलियों में पैदल भ्रमण कर नालियों की स्थिति देखी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा पूर्व सभी नालों एवं नालियों की नियमित और प्रभावी सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर श्रीमती सूरी ने बताया कि वे विगत दिवस भी इन वार्डों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दे चुकी थीं। उन्हीं निर्देशों के पालन की स्थिति जानने के लिए गुरुवार को पुनः क्षेत्र का दौरा किया गया, जहां चल रहे सफाई कार्यों और व्यवस्थाओं की प्रगति का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया। कई नागरिकों ने नियमित सफाई पर संतोष जताया, जबकि कुछ स्थानों पर अतिरिक्त सफाई की आवश्यकता बताई गई। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर ने नागरिकों से अपील की कि घरों और दुकानों का कचरा सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर न फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थानों और कचरा वाहनों में ही डालें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे और नालियां अवरुद्ध न हों। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर निर्माण में नगर निगम के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। सभी लोग जिम्मेदारी के साथ स्वच्छता नियमों का पालन करेंगे तो शहर को गंदगी, जलभराव और बीमारियों से काफी हद तक मुक्त रखा जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *