1 लाख 60 हजार का मटेरियल बह गया बरसात में, विजयराघवगढ़ जनपद के ग्राम पंचायत चोरी सचिव का अजब जवाब, सीएम हेल्पलाइन में हुई शिकायत जिम्मेदार बेपरवाह

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले की जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत चोरी में अजब गजब कारनामा सामने आया है। जिसमें कई दिनों पूर्व स्टॉप डैम (चुआ बाबा नाला) निर्माण के लिए बजट पर आई राशि में से 1लाख 60 हजार की राशि मटेरियल के लिए निकाल ली गई। राशि का आहरण तो हो गया लेकिन कार्य आज दिनांक तक नहीं हुआ। जिसकी शिकायत 5 जनवरी 2025 को 181 में की गई थी। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत किए जाने के बावजूद अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई।
इसके विपरीत ग्राम पंचायत के सचिव द्वारा लगातार फोन करके 181 शिकायत को कटवाने हेतु शिकायतकर्ता के ऊपर दबाव बनाया जा रहा है। इसके साथ हो सचिव अपने पहचान वालों से फोन करा कर शिकायत बंद करने का दबाव बना रहा है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात तो यह है की शिकायतकर्ता को सफाई देते हुए सचिव ने कहा की मटेरियल हमने गिरवा लिया था, जो बारिश के पानी में बह गया और कार्य रुका हुआ है, हम जल्द कार्य को करवाएंगे। आपको बता दें कि ग्राम चोरी में कार्य कई दिनों से लगातार बंद है। ग्राम पंचायत सचिव के द्वारा खुलेआम शासन के रूपयों को हजम करने कई और इसी तरह के कारनामे किए गए हैं। सचिव द्वारा किए जा रहे गोलमाल की शिकायत होने के बावजूद जनपद पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी इस तरफ ध्यान देने की ज़रूरत तक महसूस नहीं कर रहे हैं। जिम्मेदारों के द्वारा बरती जा रही लापरवाही से यह कहना गलत नहीं होगा कि ग्राम पंचायत चोरी से लेकर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ तक के कर्मचारी इस कार्य में लिप्त है। किसी भी अधिकारी का ध्यान इस तरह की गड़बड़ी के तरफ नहीं और न ही किसी प्रकार का डर है। इस घटना को देखते हुए अन्य ग्राम पंचायत के सचिव निडर होकर इस तरह का काम करके शासन के पैसों का दुरुपयोग कर सकते हैं।
इनका कहना है
इस घटनाक्रम को लेकर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के सीईओ ब्रितेश जैन ने कहा की प्रकरण संज्ञान में आया है जिसकी जांच करवाई जा रही है। जांच के उपरांत ही कोई कदम उठाया जा सकेगा।








