अजय फुट रबर प्लांट में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी, चार दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा, लाखों के नुकसान की आशंका
कटनी। शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित अजय फुट रबर प्लांट में शुक्रवार दोपहर-शाम अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री से उठती आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास तेज कर दिए। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री मनीष घई की है। आगजनी की इस घटना में फैक्ट्री के भीतर रखा रबर सामग्री, तैयार माल एवं मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का वास्तविक आंकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही सामने आ सकेगा।
घटना के दौरान सबसे राहतभरी बात यह रही कि फैक्ट्री में काम कर रहे सभी मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी। पुलिस प्रशासन एवं दमकल विभाग की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा रही और लोग आग की भयावहता को देखते हुए दहशत में नजर आए।








