लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य इकाइयों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, नियमों के उल्‍लंघन पर महावीर ट्रेडिंग का लाइसेंस होगा निलंबित

लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य इकाइयों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, नियमों के उल्‍लंघन पर महावीर ट्रेडिंग का लाइसेंस होगा निलंबित

कटनी। जिले में खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वाली औद्योगिक इकाईयों का औचक निरीक्षण कर मिलावटी एवं गुणवत्‍ताहीन खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वालों के विरूद्ध सख्‍त कार्रवाई करने के कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा दिये गये निर्देश के पालन में राजस्व विभाग एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने औद्योगिक क्षेत्र लमतरा स्थित खाद्य इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम को महावीर ट्रेडिंग कंपनी में सरसों, जो मसालों में उपयोग होती है, को फिल्टर कर बोरों में पैक कर बाजार में विक्रय किए जाने की जानकारी मिली। वहीं खाद्य पदार्थों का प्रोसेसिंग और स्टोरेज अत्यंत गंदगी व अस्वस्थ्यकर परिस्थितियों में पाया गया। इसके अलावा सरसों के फिल्टर किए गए वेस्ट से तेल निकालकर एक टैंक में संग्रहित किया गया था, जिसका सैंपल मांगने पर संचालकों द्वारा उपलब्ध नहीं कराया गया।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक मौके पर मौजूद नहीं मिले और सूचना देने के बाद भी उपस्थित नहीं हुए। प्रभारी द्वारा कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट तथा खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। टीम ने मौके से सरसों के दो सैंपल लेकर जांच हेतु राज्य प्रयोगशाला भोपाल भेज दिए हैं। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुये फैक्ट्री का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में लमतरा स्थित क्षितिज फूड मसाला फैक्ट्री में भी निरीक्षण कर धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह पूरी कार्रवाई तहसीलदार आकाश नीरज की उपस्थिति में संपन्न हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी एवं नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post