कटनी में महिला कांग्रेस ने आयोजित किया ‘मां तुझे सलाम – मेरी पतंग, मेरी अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम
कटनी। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा एवं मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के निर्देशानुसार कटनी शहर महिला कांग्रेस द्वारा ‘मां तुझे सलाम – मेरी पतंग, मेरी अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष रजनी वर्मा के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों को अपनी सोच, सपनों, भावनाओं और रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना था। अभियान में बड़ी संख्या में बेटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी-अपनी पतंगों पर संदेश लिखकर तथा वीडियो के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला और भावनाओं को QR कोड के माध्यम से अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कार्यालय, नई दिल्ली तक भी प्रेषित किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। शहर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनी वर्मा ने बताया कि प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई पतंगों और उन पर लिखे संदेशों का मूल्यांकन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस स्तर पर किया जाएगा। चयनित प्रथम विजेता को 10 लाख रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जबकि अन्य चयनित प्रतिभागियों को भी विभिन्न श्रेणियों में नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र वितरित कर उनके उत्साह और रचनात्मकता की सराहना की। इस अवसर पर शशि यादव, श्वेता कटारे, आदिता वर्मा, रूपा तिवारी, रेखा तिवारी, सुनीता सोनी, लक्ष्मी रजक, वर्षा बेरा, मंगल सिंह, रमेश सोनी, अभिषेक शिवहरे, रॉबिन पीटर, दिलदार खान सहित अनेक कांग्रेसजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।