बरही अग्निकांड की 30 दिन में पूरी होगी मजिस्ट्रियल जांच, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई, प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह पहुंचे बरही, पीड़ित परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस

कटनी। कटनी जिले के बरही नगर के मुख्य बाजार में आवासीय भवन एवं क्रॉकरी दुकान में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत के मामले को राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सोमवार को जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह बरही पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, घटना के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जांच 30 दिनों के भीतर पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पीड़ित परिवार को दिया संबल
प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अग्निकांड स्थल का निरीक्षण कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर छह सदस्यों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक से चर्चा कर प्रत्येक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशीष तिवारी ने अग्निकांड की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय मजिस्ट्रियल जांच समिति गठित की है। समिति को 30 दिवस के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच समिति में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ विजय धारेवे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर मनीष परते तथा सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा कटनी ज्योति यादव को सदस्य बनाया गया है।
आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों की होगी पड़ताल
जांच समिति बरही निवासी पूरनलाल पिता भगवत प्रसाद के आवासीय भवन एवं उसमें संचालित क्रॉकरी दुकान में लगी आग के सभी पहलुओं की जांच करेगी। इसमें आग लगने के वास्तविक कारणों, घटना की परिस्थितियों, भवन एवं दुकान में सुरक्षा मानकों के पालन तथा संबंधित नियमों की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
इसके साथ ही पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। समिति संबंधित व्यक्तियों, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रभावित पक्षों के बयान दर्ज करेगी तथा विभागीय अभिलेखों, दस्तावेजों एवं उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर जिम्मेदारियों का निर्धारण करेगी। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने भी कलेक्टर आशीष तिवारी को जांच 30 दिनों में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक सामने आने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे।
घायल रितेश अग्रवाल का जाना हाल, बेहतर उपचार के निर्देश
प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही पहुंचे, जहां उन्होंने अग्निकांड में जीवित बचे 43 वर्षीय घायल रितेश अग्रवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को घायल का बेहतर उपचार एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दमकल वाहनों और पुलिस की मदद से आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। बीती रात बरही नगर परिषद, कैमोर एवं विजयराघवगढ़ नगर परिषद तथा नगर निगम कटनी के दमकल वाहनों और पुलिस के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। कलेक्टर ने भी शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की।
इस दौरान विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब जांच समिति की रिपोर्ट से अग्निकांड के कारणों, संभावित चूक और जिम्मेदारियों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *