रसोइया बहनों के मानदेय भुगतान को लेकर मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन, जुलाई माह की राशि भेजी गई बैंक

कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, जिला शाखा कटनी ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली रसोइया बहनों और स्व-सहायता समूहों के लंबित मानदेय भुगतान को लेकर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संघ ने प्रत्येक माह मानदेय का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने की मांग की। संघ के जिला मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नए शैक्षणिक सत्र को शुरू हुए लगभग चार माह बीत चुके हैं, लेकिन मध्यान्ह भोजन बनाने वाली रसोइया बहनों को मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया था। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मुलाकात कर लंबित मानदेय का भुगतान शीघ्र कराने की मांग रखी।
जुलाई माह के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया शुरू
चर्चा के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मानदेय भुगतान में हुई देरी के कारणों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि जुलाई माह के मानदेय भुगतान के लिए राशि बैंकों को भेज दी गई है। शेष माहों का भुगतान भी इसी माह के अंत तक करने का आश्वासन दिया गया है। संघ ने कहा कि पूर्व में भी रसोइया बहनों के मानदेय भुगतान को लेकर ज्ञापन एवं पत्राचार किया गया था, जिसके बाद समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई हुई। इस बार भी मांग पर सकारात्मक पहल के लिए संघ ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के समयमान वेतनमान का मुद्दा भी उठाया
इसी क्रम में संघ के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान ढीमरखेड़ा तहसील में पदस्थ एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को समयमान वेतनमान का आदेश जारी करने की मांग की गई।
संघ ने बताया कि संबंधित कर्मचारी के मामले में लगभग आठ वर्षों से केवल कागजी कार्रवाई चल रही है। विभागीय डीपीसी (विभागीय पदोन्नति समिति) नहीं होने के कारण कर्मचारी को समयमान वेतनमान का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संघ ने इसे शासन के नियमों एवं निर्देशों के विपरीत बताते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की। इस पर जिला कलेक्टर ने मामले का जल्द निराकरण कराने का आश्वासन दिया। ज्ञापन एवं मुलाकात के दौरान संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके, उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, नीलेश पौराणिक, उपाध्यक्ष एवं रसोइया प्रकोष्ठ अध्यक्ष रत्ना ठाकुर, सदस्य भागीरथ तिवारी, बालकदास, नरेश राठौर, ललिता चौधरी, दयाशंकर साकेत सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।