माधवनगर पुलिस ने किया लूट का खुलासा, चंद घंटों में दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल व नकदी बरामद
कटनी। थाना माधवनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को फरियादी अंजू बर्मन निवासी निवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 1 बजे वह मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान कुम्हार मोहल्ला निवासी विक्की कोल अपने साथी जय चौहान के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचे। दोनों ने फरियादी के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन और 1100 लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना माधवनगर में आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कोल (23 वर्ष) पिता कैलाश कोल तथा जय चौहान (34 वर्ष) पिता रामसुजान, दोनों निवासी कुम्हार मोहल्ला, माधवनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी शिवा पाठक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश बागरी, प्रधान आरक्षक विनोद विश्वकर्मा तथा आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, राजेश साहू, विजय सिंह, मणि सिंह और रोहित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।