माधवनगर पुलिस ने दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल किया दस्तयाब, दो आरोपी गिरफ्तार, 1 मिली जबलपुर में तो दूसरी छत्तीसगढ़ में
कटनी। माधवनगर पुलिस ने दो अलग-अलग अपहरण के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 13 वर्षीय और 17 वर्षीय दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर लिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 वर्षीय किशोरी को जबलपुर के रिझाई क्षेत्र से तथा 13 वर्षीय बालिका को बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिग अपने-अपने घरों से लापता हो गई थीं। परिजनों की शिकायत पर थाना माधवनगर में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने लगातार मध्यप्रदेश के साथ अन्य राज्यों में भी तलाश जारी रखी।
जांच में सामने आया कि 17 वर्षीय किशोरी को आरोपी विवेक साहू (19), निवासी हरचंदपुर, थाना दबियापुर, जिला औरैया (उत्तर प्रदेश) प्रेमजाल में फंसाकर अपने साथ ले गया था। किशोरी के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण के साथ दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ी गईं और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, 13 वर्षीय बालिका के मामले में आरोपी रूपेश उर्फ रिंकू (20), निवासी हॉस्पिटल लाइन, थाना माधवनगर (हाल निवासी अमीरगंज), पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप है। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार पटेल, प्रधान आरक्षक आशीष श्रीवास, शोभनाथ शर्मा, आरक्षक नवीन शुक्ला, मयंक सिंह तथा महिला आरक्षक आरती सैय्याम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।