अपहृत बालिका जबलपुर से सकुशल बरामद, माधवनगर पुलिस ने किया परिजनों के हवाले
कटनी। माधवनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत बालिका को जबलपुर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 512/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में 5 जून 2026 को मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान सूचना मिली कि अपहृत बालिका जबलपुर में है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल जबलपुर रवाना हुई और वहां से बालिका को सकुशल दस्तयाब कर कटनी लाई गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव, प्रधान आरक्षक सोभनाथ शर्मा, आरक्षक नवीन शुक्ला तथा महिला आरक्षक दीक्षा की सराहनीय भूमिका रही।